मुंबई। Entertenment: लंबे इंतजार के बाद अक्षय कुमार की बहुचर्चित कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ आखिरकार 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। निर्देशक अहमद खान के निर्देशन में बनी यह फिल्म ‘वेलकम’ फ्रेंचाइज़ी की तीसरी कड़ी है। फिल्म में 30 से अधिक कलाकारों की बड़ी स्टारकास्ट है, जिसमें अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, अरशद वारसी, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पाटनी, रवीना टंडन, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, श्रेयस तलपड़े और कई अन्य कलाकार शामिल हैं।
फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी स्टारकास्ट और पुरानी ‘वेलकम’ सीरीज की यादें हैं। अक्षय कुमार शानदार कॉमिक टाइमिंग के साथ फिल्म को संभालने की कोशिश करते हैं। परेश रावल, सुनील शेट्टी और अरशद वारसी कई दृश्यों में दर्शकों को हंसाने में सफल रहते हैं, जबकि जॉनी लीवर और राजपाल यादव भी अपने अंदाज से मनोरंजन का तड़का लगाते हैं।

हालांकि, समीक्षकों का मानना है कि फिल्म की सबसे कमजोर कड़ी इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले है। कई जगह हास्य जबरदस्ती का लगता है और इतनी बड़ी स्टारकास्ट होने के बावजूद कई कलाकारों को पर्याप्त स्क्रीन टाइम नहीं मिल पाया। फिल्म का पहला भाग हल्का पड़ता है, जबकि दूसरे भाग में कॉमेडी का स्तर बेहतर होता दिखाई देता है। संगीत की बात करें तो फिल्म के गाने मनोरंजक हैं और बड़े पर्दे पर अच्छे लगते हैं, लेकिन पुराने ‘वेलकम’ के यादगार गीतों जैसी छाप नहीं छोड़ पाते। बैकग्राउंड स्कोर कई कॉमिक दृश्यों को प्रभावी बनाता है।
बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत
रिलीज के पहले दिन फिल्म ने दुनियाभर में 29 करोड़ रुपये से अधिक की ओपनिंग दर्ज की, जो अक्षय कुमार की हालिया फिल्मों की तुलना में बेहतर मानी जा रही है। पहले दिन सिनेमाघरों में दर्शकों की अच्छी मौजूदगी देखने को मिली।
देखें या नहीं?
अगर आप ‘वेलकम’, ‘हेरा फेरी’ और पुराने मसाला कॉमेडी मनोरंजन के प्रशंसक हैं तथा बिना ज्यादा तर्क लगाए हल्की-फुल्की कॉमेडी का आनंद लेना चाहते हैं, तो यह फिल्म एक बार जरूर देखी जा सकती है। लेकिन यदि आप मजबूत कहानी और नए तरह के हास्य की उम्मीद लेकर जाएंगे, तो फिल्म कुछ हद तक निराश कर सकती है।




