भिलाई : न्यूज़ 36 : निजी अथवा शासकीय विभाग में नौकरी लगाने का झांसा देकर युवक से पांच लाख 89 हजार 494 रुपये की ठगी करने के मामले में सुपेला पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपी अंकित कुमार रायकवार के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। आरोपी ने खुद को नौकरी दिलाने में सक्षम बताते हुए पहले विश्वास हासिल किया और बाद में अलग-अलग खातों में रकम जमा कराई। रकम लेने के बाद नौकरी नहीं लगाई और पैसे लौटाने में भी टालमटोल करता रहा।
सुपेला पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रार्थी तापस मंडल निवासी हाउसिंग बोर्ड कालोनी, कोहका भिलाई ने आरोपी अंकित कुमार रायकवार के खिलाफ न्यायालय में परिवाद पेश किया था। प्रार्थी के मुताबिक फरवरी से मार्च 2025 के बीच उसके साले के माध्यम से अंकित से परिचय हुआ। आरोपी ने खुद को नौकरी दिलाने वाला बताते हुए निजी संस्था में नौकरी लगाने का भरोसा दिया। शुरुआत में आरोपी ने 50 हजार रुपये लिए, लेकिन करीब एक माह बाद यह रकम वापस कर दी। इससे प्रार्थी का आरोपी पर विश्वास बढ़ गया। इसके बाद मई 2025 में आरोपी ने शासकीय विभाग में नौकरी लगाने ‘का झांसा देकर बड़ी रकम की मांग की। आरोपी के कहने पर प्रार्थी ने अलग-अलग तारीखों में यूपीआइ के माध्यम से विभिन्न खातों में कुल 5 लाख 89 हजार 494 रुपये ट्रांसफर किए। प्रार्थी के अनुसार इन खातों के धारकों से उसका कोई प्रत्यक्ष परिचय नहीं था और सभी भुगतान आरोपी के निर्देश पर किए गए थे। रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो नौकरी लगाई और न ही पैसे वापस किए। 22 दिसंबर 2025 को एक लाख रुपये देने का वादा करने के बावजूद आरोपी नहीं पहुंचा। बाद में डेढ़ लाख रुपये पहले लौटाने और शेष रकम बाद में देने की बात कही, लेकिन भुगतान नहीं किया।



