नई दिल्ली। Air India : मंगलवार को फुकेट से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 को क्रूज के दौरान अशांति (टर्बुलेंस) का सामना करना पड़ा, जिससे ऊंचाई में पलभर का बदलाव हुआ। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में 134 यात्री सवार थे। टर्बुलेंस से कई यात्रियों और क्रू मेंबर घायल हुए है।
10 यात्री और 2 क्रू मेंबर घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एआई-2379 में मंगलवार सुबह हवा में अचानक टर्बुलेंस होने से 10 यात्री और 2 क्रू मेंबर घायल हो गए। विमान जब दिल्ली में लैंडिंग की तैयारी में था या क्रूज चरण में था, तभी अचानक विमान की ऊंचाई में एकाएक गिरावट (आल्टीट्यूड ड्राप) दर्ज की गई। टर्बुलेंस का यह दौर लगभग दो से तीन मिनट तक चला।
विमान सुबह 11 बजे के करीब दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 134 यात्रियों और क्रू के साथ सुरक्षित लैंड किया गया। लैंडिंग के तुरंत बाद एअर इंडिया की मेडिकल टीम ने हवाई अड्डे पर यात्रियों की जांच की। मामूली रूप से घायल 10 यात्रियों और क्रू के दो सदस्यों को एहतियातन एयरपोर्ट पर स्थित मेदांता मेडिकल सेंटर ले जाया गया।
घायलों का किया गया इलाज
विमान दिल्ली में सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री तथा क्रू सदस्यों ने सुरक्षित रूप से उतरे। एयरलाइन ने अपने बयान में कहा कि कोई गंभीर चोट नहीं आई है। एअर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें एहतियातन जांच और देखभाल के लिए एयरपोर्ट स्थित मेडिकल सुविधा में ले जाया गया। एयरलाइन की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल कर्मी उनका ध्यान रख रहे हैं।
कारण तलाशने में जुटी तकनीकी टीम
प्रवक्ता ने कहा, ‘हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा तथा भलाई एयर इंडिया की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम प्रभावित लोगों को हर जरूरी सहायता दे रहे हैं और जांच के सिलसिले में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।’ यह घटना फुकेट से राष्ट्रीय राजधानी की यात्रा के दौरान हुई। मामले की जांच चल रही है और आगे की जानकारी का इंतजार है।




