12:25
आज बजट से पूर्व विष्णु देव साय से विधानसभा परिसर स्थित उनके कक्ष में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करने से पूर्व शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने वित्त मंत्री को आगामी बजट के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह बजट प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला तथा छत्तीसगढ़ के समग्र विकास को नई दिशा देने वाला सिद्ध होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार की जनकल्याणकारी प्राथमिकताओं, सुशासन और समावेशी विकास के संकल्प को यह बजट और अधिक सशक्त आधार प्रदान करेगा।
बैठक के दौरान बजट के प्रमुख बिंदुओं और राज्य के विकास संबंधी प्राथमिकताओं पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित मंत्रिपरिषद के सभी मंत्रीगण एवं वित्त सचिव मुकेश बंसल उपस्थित थे।
इधर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज विधानसभा परिसर स्थित सभाकक्ष में मंत्रिपरिषद की बैठक भी शुरू हुई। बैठक में राज्य सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों और नीतिगत फैसलों पर चर्चा की जा रही है।
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब राज्य में विकास योजनाओं, प्रशासनिक निर्णयों और आगामी बजट प्रावधानों को लेकर महत्वपूर्ण रणनीति तय की जानी है। माना जा रहा है कि बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ नए प्रस्तावों को भी मंजूरी दी जा सकती है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा, वित्तीय मामलों और राज्य हित से जुड़े अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। बैठक के बाद लिए गए निर्णयों की आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी।