गरियाबंद। CG NEWS : जिले के राजिम थाना क्षेत्र में सड़क किनारे नहर के पास एक युवती की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ। पास जाकर देखने पर नहर किनारे झाड़ियों के पास युवती का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
राजिम थाना प्रभारी अमृत साहू के अनुसार घटना श्यामनगर-देवरी मार्ग की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से क्षेत्र में तेज बदबू आ रही थी। शनिवार सुबह बदबू के स्रोत की तलाश के दौरान ग्रामीणों ने शव देखा, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई। प्रारंभिक जांच में शव की पहचान रायपुर के टिकरापारा निवासी चंचल साहू के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वह 30 जनवरी से बिना बताए घर से लापता थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट टिकरापारा थाने में दर्ज कराई थी।
शव की हालत को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। मौके पर एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवती के कॉल डिटेल्स समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच जारी है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
CG NEWS : व्यस्त सड़क पर ट्रक बैक करना पड़ा भारी: तहसीलदार के बेटे की हुई थी मौत, चालक–ठेकेदार पर गैर-इरादतन हत्या का केस




