डेस्क। दुबई पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए एक से बढ़कर एक कारों को अपने फ्लीट में शामिल करने के लिए मशहूर है. जो कारें अरबपति चलाते हैं वो कारें दुबई पुलिस के लिए आम हैं. अब उन्होंने अपने कलेक्शन में Lamborghini Revuelto सुपरकार को शामिल किया है. ये साधारण लैम्बोर्गिनी नहीं है, बल्कि इसे मशहूर ट्यूनर ‘मैन्सरी’ ने कस्टमाइज़ किया गया है. इससे पहले दुबई पुलिस ने मैन्सरी की ट्यून की गई फेरारी पुरोसांग्यू को भी अपने फ्लीट में शामिल किया था.
पावर और परफॉरमेंस
मैन्सरी मॉडिफाई इस रेवुएल्टो में फैक्ट्री-रेटेड 6.5-लीटर V12 इंजन लगा है, जो तीन इलेक्ट्रिक मोटरों के साथ मिलकर कुल 1,015 हॉर्सपावर की जबरदस्त ताकत पैदा करता है. रफ्तार के मामले में यह कार किसी बुलेट से कम नहीं है. ये महज 2.5 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है. इसकी टॉप स्पीड 350 किमी/घंटा है.
कार्बन फाइबर की है बॉडी
सुपरकार्स को मजबूत रखने और वजन कम करने के लिए इनमें कार्बन फाइबर का इस्तेमाल किया जाता है. इस सुपरकार में भी ऐसा ही किया गया है जिससे ये काफी ज्यादा फास्ट और मजबूत हो जाती है. इसके हुड को नया डिजाइन दिया गया है जिस पर चमकता हुआ मैन्सरी का बैज है. इसके अलावा, कार में नया कार्बन स्प्लिटर, साइड स्कर्ट्स और फ्रंट व्हील्स के पीछे नए फिन्स लगाए गए हैं.
सफेद और हरा रंग
इसे मैन्सरी ने मॉडिफाई जरूर किया है, लेकिन इस कार को पूरी तरह से दुबई पुलिस के सिग्नेचर सफेद और गहरे हरे रंग के थीम में पेन किया गया है. पीछे की तरफ, इसके क्वाड एग्जॉस्ट के ऊपर छोटे फिन्स और एक बड़ा रियर डिफ्यूज़र दिया गया है जो इसके एरोडायनामिक्स को बेहतर बनाता है.
दुनिया की सबसे महंगी पुलिस फ्लीट
लैम्बोर्गिनी रेवुएल्टो के शामिल होने के बाद दुबई पुलिस का फ्लीट और भी ज्यादा ताकतवर हो गया है. उनके पास पहले से ही बुगाटी वेरॉन, एस्टन मार्टिन One-77, बेंटले कॉन्टिनेंटल GT, लेम्बोर्गिनी एवेन्टडोर, ऑडी R8 और फेरारी FF जैसी नायाब कारें मौजूद हैं.




