CG Accident : बिलासपुर शहर के तोरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार की रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 बजे मस्तूरी की दिशा से आ रहे ट्रेलर क्रमांक CG 10 AR 6273 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रही एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। घायल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कार को ठोकर मारने के बाद चालक ने पकड़े जाने के डर से भागने की नीयत से वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी, लेकिन इसी आपाधापी में ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक भारी-भरकम पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर और कार दोनों के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
गनीमत यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और दोनों वाहनों के चालक सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने फिलहाल ट्रेलर चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है और क्षतिग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटाने की कार्रवाई की जा रही है।




