कांकेर। CG NEWS: कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां घूमने निकले स्कूली छात्रों की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

इस दर्दनाक हादसे में दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार कार में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें से 5 नाबालिग बताए जा रहे हैं और कार को एक नाबालिग युवक ही चला रहा था।

बताया गया है कि सभी छात्र आज सुबह कार से माकड़ी की ओर घूमने के लिए निकले थे, तभी कोतवाली थाना क्षेत्र में यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है, जबकि नाबालिग द्वारा वाहन चलाने को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।




