खैरागढ़। CG NEWS: छुईखदान विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोहलाटोला और इसके आश्रित ग्राम गड़बंजा के ग्रामीण सोमवार को बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने कोहलाटोला से गड़बंजा तक पहुंच मार्ग के निर्माण को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग पिछले दो वर्षों से निर्माणाधीन है। ठेकेदार द्वारा सड़क की खुदाई कर बड़े-बड़े बोल्डर डाल दिए गए हैं, लेकिन लंबे समय से कार्य में कोई प्रगति नहीं हुई। गड्ढों और पत्थरों के कारण राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है और हादसे की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों के अनुसार इसी मार्ग से स्कूली बच्चे साइकिल से स्कूल जाते हैं, जहां बार-बार टायर पंचर होने और गिरकर घायल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। किसानों को खेत तक पहुंचने और पंचायत कार्यों के लिए भी यही मार्ग उपयोग में आता है।
ग्रामीणों ने बताया कि वे जनपद पंचायत, सुशासन तिहार और जनप्रतिनिधियों से भी कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस दौरान जनपद सदस्य प्रतिनिधि मुकेश चंदेल और सरपंच दीपसिंग नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




