सुकमा,बस्तर । Bastar Naxal Encounter: सुकमा जिले के दक्षिणी क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में कुल 12 माओवादी कैडरों के शव हथियारों सहित बरामद किए गए हैं। मारे गए माओवादियों में 05 महिला माओवादी भी शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मारे गए माओवादियों में कोंटा एरिया कमेटी इंचार्ज वेट्टी मंगडू उर्फ मुक्का तथा कोंटा एरिया कमेटी सचिव माड़वी हितेश उर्फ हूंगा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक ये दोनों कुख्यात माओवादी शहीद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकांश राव गिरिपुंजे की हत्या की साजिश में शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक सुकमा किरण चव्हाण ने बताया कि जिले के दक्षिणी क्षेत्र में सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर डीआरजी (DRG) द्वारा सर्च ऑपरेशन प्रारंभ किया गया था। अभियान के दौरान सुबह लगभग 08 बजे से सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ हुई।
सर्च ऑपरेशन के दौरान विभिन्न मुठभेड़ स्थलों से 12 माओवादियों के शव हथियारों सहित बरामद किए गए हैं। शेष माओवादियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
मुठभेड़ स्थल से AK-47, INSAS तथा SLR राइफल्स सहित भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी पृथक से जारी की जाएगी।
इस संबंध में बस्तर रेंज के आईजीपी सुन्दरराज पट्टलिंगम ने कहा कि “बस्तर में माओवाद अंतिम दौर में है। संगठन की संरचना टूट चुकी है। सभी सक्रिय माओवादी हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाएँ।”
The post Bastar Naxal Encounter: सुकमा में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी: मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर, कोंटा एरिया कमेटी का नेतृत्व खत्म appeared first on Grand News.



