रायगढ़। CG CRIME NEWS : जिला पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवा नगर क्षेत्र में चल रहे अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। कोतवाली पुलिस ने सटीक सूचना पर रेड कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में नकदी, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई है। पूरे मामले में पीटा एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में इस तरह की गतिविधियों के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के स्पष्ट दिशा-निर्देश पर रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवा नगर में देह व्यापार की सूचना पर सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केवड़ाबाड़ी एसबीआई मेन ब्रांच के सामने स्थित एक मकान में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने पीटा एक्ट की प्रक्रिया के तहत एक प्वाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा। संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी।मौके से आरोपी राहूल कुमार यादव, उसकी महिला सहयोगी और देह व्यापार के लिए लाई गई दो महिलाएं मिलीं। तलाशी के दौरान पुलिस ने नकद 2000 रुपये, दो मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की। पूछताछ में आरोपी ने अवैध देह व्यापार कराने की बात स्वीकार की। थाना कोतवाली में आरोपी राहूल कुमार यादव और उसकी महिला सहयोगी के खिलाफ अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत अनैतिक देह व्यापार अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि रायगढ़ जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब, देह व्यापार जैसे किसी भी अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।



