पिंटू दुबे, बिलासपुर। CG Crime : शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र राजीव प्लाजा के गेट नंबर-1 पर शनिवार रात जमकर हंगामा हुआ। एक ऑटो चालक ने जबरन परिसर के भीतर घुसने की कोशिश की, जिसे ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी ने रोका तो आरोपी ने अपने साथियों को बुलाकर गार्ड की बेरहमी से पिटाई कर दी। तारबाहर पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमर पाल राजीव प्लाजा में गार्ड है। शनिवार रात करीब 10:20 बजे जब वह खाना खा रहा था, तब उसकी जगह साहेब सिंह ड्यूटी संभाल रहा था। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने गेट से अंदर घुसने का प्रयास किया। साहेब सिंह ने जब उसे मना किया, तो विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते ऑटो चालक ने अपने दो अन्य साथियों को बुला लिया और गार्ड के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने मौके पर मौजूद लोगों को धमकाते हुए गार्ड को जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर तारबाहर पुलिस की टीम सक्रिय हुई। थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार अनंत के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद शाहरूख, रियाज अहमद और सागर नायक शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी रियाज और सागर के खिलाफ सरकंडा थाने में भी पूर्व के आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया।
Chhattisgarh : ग्रैंड न्यूज़ की खबर के बाद हरकत में पुलिस, धर्मांतरण मामले में पास्टर गिरफ्तार




