साकेत श्रीवास्तव, खैरागढ़। CG News : जिला केसीसी पुलिस ने अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना गातापार जंगल क्षेत्र के मंडेलाटोला जंगल में बांध किनारे संचालित जुए के फड़ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश से जुआ खेलते हुए 5 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ जुआरी मौके से फरार हो गए, जबकि पांच लोगों को पकड़ लिया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे और फड़ से ₹1,74,000 नकद, मोबाइल फोन, 52 पत्ती ताश सहित कुल ₹2.43 लाख मूल्य की सामग्री जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में खैरागढ़, रायपुर, राजनांदगांव और भिलाई के निवासी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों का कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने पर उनके विरुद्ध अपराध दर्ज कर विधिवत कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
CG NEWS : पकी हुई सब्जी में मिला मेंढक, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने की जांच




