ENTERTAINMENT NEWS : बॉलीवुड में इन दिनों सीक्वल फिल्मों का दौर चरम पर है और साल 2026 दर्शकों के लिए बेहद खास रहने वाला है। इस साल कई सुपरहिट फिल्मों की अगली किस्तें बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही हैं, जिनका फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
सबसे पहले चर्चा है ‘कॉकटेल 2’ की, जो 19 जून 2026 को रिलीज होगी। होमी अदजानिया निर्देशित इस फिल्म में शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन नजर आएंगे। वहीं 2007 की चर्चित फिल्म ‘आवारापन’ का सीक्वल ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में आएगा, जिसे लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है।

2006 की क्लासिक कॉमेडी ‘खोसला का घोसला’ भी करीब 20 साल बाद वापसी कर रही है। इसका सीक्वल 28 अगस्त 2026 को रिलीज होगा, जिसमें अनुपम खेर और बोमन ईरानी मुख्य भूमिका निभाएंगे। सस्पेंस प्रेमियों के लिए ‘दृश्यम 3’ बड़ी सौगात होगी, जो 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी।
अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘धमाल 4’ भी 3 जुलाई 2026 को रिलीज होगी और दर्शकों को फिर हंसी का डोज देगी। साफ है कि 2026 बॉलीवुड में पुरानी यादों और नए रोमांच का साल बनने जा रहा है।




