रायपुर। सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया, छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा झूलेलाल जयंती के पावन अवसर पर एम.जी. रोड में भव्य “होजमालो” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध फिल्मी कलाकारों के रूप में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, सलमान खान, गोविंदा तथा ‘Pushpa: The Rise’ की शैली में प्रस्तुत कलाकारों ने दर्शकों के बीच जाकर शानदार प्रस्तुति दी और खूब तालियां बटोरीं।
सिंधी काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष ललित जैसिंघ ने बताया कि शोभायात्रा का अभूतपूर्व स्वागत किया गया और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही।
कार्यक्रम में गायक कमलेश कपूर एवं महेश मोटलानी ने अपने गीतों से माहौल को और अधिक उत्साहित बना दिया। कार्यक्रम के दौरान ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा जनसमूह उत्सव में डूब गया हो।
इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन में सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिली।





