ENTERTAINMENT NEWS: बॉलीवुड और साउथ फिल्मों की चर्चित एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी बीच उनकी शादी को लेकर अफवाहों ने जोर पकड़ लिया है। आज वैलेंटाइन डे के मौके पर सोशल मीडिया पर खबरें उड़ने लगीं कि मृणाल साउथ सुपरस्टार धनुष के साथ सात फेरे लेने वाली हैं। हालांकि इन चर्चाओं के बीच मृणाल ने खुद सामने आकर सच्चाई साफ कर दी।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में मृणाल ने शादी की खबरों पर खुलकर बात की और मजाकिया अंदाज में उन लोगों की चुटकी ली जो उनकी शादी की तारीखें तक तय कर रहे थे। उन्होंने इन खबरों को ‘अप्रैल फूल’ जैसा मजाक बताया।

शादी पर क्या बोलीं मृणाल?
फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ की कहानी अरेंज मैरिज के इर्द-गिर्द घूमती है। इसी संदर्भ में जब उनसे पूछा गया कि क्या असल जिंदगी में उनके परिवार वाले शादी का दबाव बना रहे हैं, तो मृणाल ने हंसते हुए एक मजेदार किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया, “कल ही मैंने अपने पिता से कहा कि मेरे लिए कोई अच्छा लड़का ढूंढ लो। जब उन्होंने कहा कि अभी उनकी नजर में कोई नहीं है, तो मैंने मजाक में कहा—देख लिया? अब आप ही बताओ मैं क्या करूं।”
मृणाल ने रिश्तों पर अपनी सोच रखते हुए कहा कि उनके लिए पर्सनल लाइफ और करियर दोनों बराबर मायने रखते हैं। उन्होंने साफ कहा, “सिर्फ इसलिए शादी नहीं करनी चाहिए क्योंकि दुनिया चाहती है या उम्र हो गई है। शादी तब करनी चाहिए जब सही इंसान मिले—ऐसा साथी जिस पर पूरा भरोसा हो और जिसके साथ खामोश बैठना भी सुकून दे।”
बातों-बातों में उन्होंने फिर मजाक किया और कहा, “वैसे मेरी हल्दी आज है और संगीत कल, आप सब खाना खाकर ही जाना।”
सिद्धांत चतुर्वेदी ने भी लिए मजे
इंटरव्यू के दौरान उनके को-स्टार सिद्धांत चतुर्वेदी भी मौजूद थे। उन्होंने हंसते हुए कहा कि आज लड़कों को दूल्हे की तरह तैयार होकर मृणाल के घर के बाहर लाइन लगा लेनी चाहिए। उन्होंने जोड़ा कि अगर ऐसा हुआ तो यह उन लोगों के लिए सबसे बड़ा ‘अप्रैल फूल’ होगा जो इन अफवाहों को सच मान बैठे हैं।
मृणाल ने यह भी कहा कि वह अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर बेहद एक्सप्रेसिव हैं और प्यार को छुपाने में विश्वास नहीं रखतीं। उन्होंने कहा, “जिस दिन मुझे मेरा सच्चा प्यार मिलेगा, मैं पूरी दुनिया को गर्व से बताऊंगी। मुझे प्यार को छुपाना नहीं, बल्कि सेलिब्रेट करना पसंद है। सच कहूं तो मैं भी उस दिन का इंतजार कर रही हूं।”
बता दें कि मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी स्टारर फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।




