Saturday, February 14, 2026
Google search engine
HomeChhattisgarhव्यस्त सड़क पर ट्रक बैक करना पड़ा भारी

व्यस्त सड़क पर ट्रक बैक करना पड़ा भारी

बिलासपुर। CG NEWS : जिले के जिला न्यायालय के पास बीते दिनों हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। तहसीलदार के बेटे की मौत के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने केवल दुर्घटना की धाराएं न लगाकर, ट्रक चालक और निर्माणाधीन भवन के ठेकेदार के खिलाफ ‘गैर-इरादतन हत्या’ का मामला दर्ज किया है। पुलिस की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह हादसा महज एक संयोग नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी और जानबूझकर की गई लापरवाही का परिणाम था। व्यस्त मार्ग पर बिना किसी संकेतक या गाइड के भारी वाहन का परिचालन करना एक मासूम की जान पर भारी पड़ गया, जिसके बाद अब कानून का शिकंजा कसता नजर आ रहा है।

घटना मंगलवार सुबह की है, जब जिला न्यायालय के पास एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में निर्माण सामग्री लेकर ट्रक क्रमांक CG 29 AC 0934 पहुँचा था। ठेकेदार के निर्देश पर चालक ट्रक को मुख्य मार्ग से गेट की ओर बैक कर रहा था। चूंकि यह इलाका बेहद व्यस्त रहता है, इसके बावजूद वहां न तो कोई सुरक्षा घेरा बनाया गया था और न ही किसी व्यक्ति को पीछे से आ रहे ट्रैफिक को रोकने के लिए खड़ा किया गया था। इसी लापरवाही के बीच वहां से गुजर रहे पल्सर सवार मनिंद्र भूषण श्याम (पिता हनुमंत सिंह श्याम) को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि मनिंद्र के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल सिम्स (SIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का मुख्य कारण सिर में लगी घातक चोट को बताया गया है।

सिविल लाइन पुलिस और प्रधान आरक्षक द्वारा की गई गहन जांच में यह पाया गया कि यह मामला सामान्य दुर्घटना से कहीं अधिक गंभीर है। व्यस्त सड़क पर बिना किसी सुरक्षा संकेतक (Safety Indicators) के भारी वाहन से सामग्री खाली करना और ट्रक को बैक करना सीधे तौर पर लोगों की जान जोखिम में डालना है। प्रत्यक्षदर्शी अमन गुप्ता के बयानों और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद पुलिस ने माना कि ठेकेदार और चालक की इस सामूहिक लापरवाही ने एक होनहार युवक की जान ले ली। इसी आधार पर पुलिस ने अब ट्रक चालक और संबंधित ठेकेदार को आरोपी बनाते हुए उनके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने इस मामले में सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं और जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

 

– Advertisement –

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments