रायपुर। व्यापारी समाज के संघर्ष, समर्पण, उपलब्धियों और उद्यमशीलता को सम्मानित करने के उद्देश्य से स्वदेशी व्यापारी मंच द्वारा 19 नवंबर को रायपुर में व्यापारी गौरव अलंकरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह शाम 4 बजे से 6 बजे तक विमतरा ऑडिटोरियम, शांतिनगर, इंद्रावती कॉलोनी में संपन्न होगा।
मंच के प्रदेश संयोजक अजय भसीन ने बताया कि समारोह में दीपक शर्मा "प्रदीप" जी अभा विचार विभाग प्रमुख, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री राकेश द्विवेदी एवं छत्तीसगढ़ प्रांत संयोजक जगदीश पटेल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समारोह के दौरान 21 ऐसे व्यापारियों को गौरव अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने व्यावसायिक जीवन में अनेक चुनौतियों और संघर्षों का सामना करते हुए सफलता की नई मिसाल कायम की है। यह सम्मान उनके परिश्रम, दृढ़ संकल्प और व्यापार जगत में उल्लेखनीय योगदान के प्रति मंच की सराहना का प्रतीक होगा।
कार्यक्रम के सह-संयोजक गारगी शंकर मिश्रा ने बताया कि समारोह में मनोहर कृष्णानी के नेतृत्व में भिलाई से 50 से अधिक पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल होंगे। इसके साथ ही महिला प्रभारी सरोजनी पाणिग्रही के नेतृत्व में महिला व्यापारियों की टीम भी कार्यक्रम में सहभागिता करेगी।
स्वदेशी व्यापारी मंच का यह आयोजन व्यापारिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के साथ ही व्यापारी समाज की उपलब्धियों और सामाजिक सहभागिता को मंच प्रदान करेगा।
Richa Sharma