मुंबई। Border 2 Trailer: सनी देओल की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का ऑफिशियल ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया और दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा में आ गया है, जहां ट्रेलर का हर सीन रौंगटे खड़े कर देने वाला नजर आ रहा है और देशभक्ति के जज्बे से भरपूर है।
जेपी दत्ता की कल्ट क्लासिक फिल्म ‘बॉर्डर’ के इस सीक्वल की शुरुआत सनी देओल की भारी आवाज से होती है, जिसमें वह बॉर्डर का मतलब सिर्फ नक्शे की लकीर नहीं बल्कि देश की रक्षा का वादा बताते हैं। ट्रेलर में वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की झलक जमीन, आसमान और समुद्र में देश की सेवा करते हुए दिखाई देती है, जहां चारों सैनिक दुश्मन के खिलाफ ढाल बनकर खड़े नजर आते हैं।

दुश्मन की ओर से ऑपरेशन चंगेज की साजिश दिखाई गई है, जबकि दूसरी ओर भारतीय जवानों का साहस, बलिदान और इमोशन ट्रेलर को और ज्यादा दमदार बनाता है। बैकग्राउंड में ‘घर कब आओगे’ गाना भावनाओं को छू जाता है और परिवार से किए गए वादे कहानी को गहराई देते हैं।
सनी देओल के दमदार डायलॉग्स और उनका जबरदस्त एक्शन अवतार ट्रेलर की सबसे बड़ी ताकत है। 1971 के भारत-पाक युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म भारतीय सैनिकों की वीरता और बलिदान की कहानी दिखाएगी। ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, और ट्रेलर देखकर साफ है कि फिल्म देशभक्ति सिनेमा का नया इतिहास रचने के लिए तैयार है।




