रायपुर। GRAND NEWS : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से रविवार को 1200 से अधिक सिख श्रद्धालु तख्त श्री हजूर साहिब (नांदेड़) के दर्शन के लिए रवाना हुए। छत्तीसगढ़ सिख फेडरेशन के नेतृत्व में स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारा के सामने अरदास कर 17 बसों को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा, पूर्व विधायक कुलदीप सिंह जुनेजा, ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा सहित सिख समाज के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने अरदास कर श्रद्धालुओं की सुख-शांति और सुरक्षित यात्रा की कामना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। वहीं सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह सौहार्द और आस्था का प्रतीक है, जहां समाज के लोग बड़ी संख्या में तीर्थ के लिए रवाना हो रहे हैं।
ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा ने कहा कि प्रत्येक वर्ष रायपुर से नांदेड़ के लिए सिख समाज का जत्था रवाना होता है और उनका परिवार भी पूरे समर्पण के साथ इस पावन यात्रा में सहभागी बनता रहा है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल तीर्थ दर्शन नहीं, बल्कि सेवा, संगत और एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी सपरिवार नांदेड़ के लिए रवाना होंगे और सभी श्रद्धालुओं की सुखद, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की।

25 वर्षों से जारी है परंपरा
गुरुद्वारा गुरुसिंह सभा, स्टेशन रोड के प्रवक्ता ने बताया कि पिछले 25 वर्षों से रायपुर से हर साल 1000 से अधिक श्रद्धालुओं का जत्था नांदेड़ स्थित सचखंड साहिब के दर्शन के लिए जाता है। राजधानी के अलावा दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर और धमतरी सहित अन्य शहरों से भी श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए हैं।
होला मोहल्ला की धूम
नांदेड़ में होली के अवसर पर होला मोहल्ला उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस पर्व की शुरुआत सिखों के दसवें गुरु गुरु गोबिंद सिंह ने की थी। इसका उद्देश्य सिख समाज में एकता, भाईचारा, वीरता और शारीरिक-मानसिक सुदृढ़ता को बढ़ावा देना है।
सेवादल करेगा सेवा
यात्रा मार्ग में विभिन्न शहरों में श्रद्धालुओं के लिए चाय, नाश्ता, भोजन और ठहरने की व्यवस्था हेतु सेवादल के सदस्य अग्रिम रूप से पहुंचकर व्यवस्थाएं संभालेंगे। होला मोहल्ला उत्सव के बाद श्रद्धालु होली उपरांत रायपुर लौटेंगे।
बता दें कि होला मोहल्ला त्यौहार की शुरुआत सिखों के दसवें गुरु गुरु गोबिंद सिंह जी ने की थी, इस त्यौहार को मनाने का मकसद एकता बंधुत्व वीरता पारस्परिक प्रेम सिखों के शारीरिक और मानसिक रूप मजबूत बनाना है।

GRAND NEWS : होला मोहल्ला पर रायपुर से श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए निकली निशुल्क तीर्थ यात्रा, PCC चीफ बैज और पूर्व विधायक होरा ने किया रवाना




