रायपुर। CG NEWS: मुंबई के प्रसिद्ध अभिनेता Krushna Abhishek आज रायपुर उत्तर के पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा के देवेंद्र नगर स्थित कार्यालय पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने सहज माहौल में लोगों के साथ बैठकर चाय की चुस्की ली और आत्मीय बातचीत की। अभिनेता के आगमन से वहां उत्साह का माहौल रहा और कई लोग उनसे मिलने पहुंचे।
अपने दौरे के दौरान Krushna Abhishek ने कार्यालय में संचालित दवाई लंगर का अवलोकन किया। उन्होंने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराना एक बेहद सराहनीय और मानवीय पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं और जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय में स्वास्थ्य सेवाएं कई लोगों के लिए महंगी हो चुकी हैं, ऐसे में इस तरह की पहल गरीब और जरूरतमंद वर्ग के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। दवाई लंगर के माध्यम से लगातार लोगों को मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे अनेक लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने अभिनेता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनका यह दौरा सेवा कार्यों को और प्रोत्साहन देगा। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोग और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




