रायपुर। SPORTS NEWS : जे 30 आईटीएफ वर्ल्ड टेनिस टूर जूनियर्स 2026 का समापन आज फाइनल मुकाबलों के साथ रायपुर इंटरनेशनल स्टेडियम, जोरा में संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में देश-विदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में छत्तीसगढ़ स्टेट टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष अवतार सिंह जुनेजा, उपाध्यक्ष सुशील बलानी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।


गुरुचरण सिंह होरा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और खेल मंत्री अरुण साय के प्रयासों से प्रदेश में बड़े खेल आयोजनों को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिल रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु द्विवेदी के नेतृत्व में प्रदेश में टेनिस खेल का लगातार विकास हो रहा है और खिलाड़ी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसे आयोजन प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में प्रदेश में और भी कई बड़ी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को और बेहतर अवसर मिल सकें।





