IPL 2026 in Raipur : करीब एक दशक बाद छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर आईपीएल (Indian Premier League) का रोमांच देखने को मिल सकता है। नवा रायपुर स्थित Shaheed Veer Narayan Singh International Cricket Stadium में इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) के दो मुकाबले आयोजित करने की तैयारी चल रही है। फ्रेंचाइजी द्वारा इस स्टेडियम को अस्थायी होम ग्राउंड के रूप में चुने जाने की खबर से क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
बताया जा रहा है कि आगामी IPL 2026 का आयोजन 28 मार्च से 31 मई के बीच होना प्रस्तावित है, जिसमें कुल 10 टीमें भाग लेंगी और पूरे टूर्नामेंट में लगभग 84 मुकाबले खेले जाएंगे। अगर सब कुछ तय योजना के अनुसार हुआ तो रायपुर में खेले जाने वाले मैचों में क्रिकेट के बड़े सितारे मैदान में नजर आ सकते हैं।
इन संभावित मुकाबलों में विराट कोहली (Virat Kohli), एम एस धोनी (MS Dhoni) और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के आने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों को लंबे समय बाद अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को लाइव देखने का मौका मिल सकता है।
स्टेडियम में सुविधाओं को बेहतर बनाने की तैयारी
इन मुकाबलों को देखते हुए स्टेडियम की सुविधाओं को भी अपग्रेड करने की कवायद शुरू हो गई है। जानकारी के मुताबिक वीआईपी गैलरी को पहले से अधिक आधुनिक बनाया जाएगा। साथ ही दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए स्टेडियम में लगी बड़ी स्क्रीन को भी बदला जा सकता है।
गोल्ड और सिल्वर सीटें होंगी और लग्जरी
दर्शकों को बेहतर अनुभव देने के लिए गोल्ड और सिल्वर श्रेणी की सीटों को अधिक आरामदायक और लग्जरी बनाने का प्रस्ताव है। स्टेडियम की अपर गैलरी में लगी दो पुरानी स्क्रीन हटाने की योजना भी बनाई गई है। इन स्क्रीन के हटने से करीब 1500 अतिरिक्त सीटों की व्यवस्था की जा सकेगी और नई जगह पर बड़ी हाई-क्वालिटी स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिनसे दर्शक मैच के रोमांचक पलों को स्लो मोशन में भी देख सकेंगे।
प्लेटिनम बॉक्स में भी होगा बदलाव
स्टेडियम के प्लेटिनम बॉक्स में लगे ग्लास को बदलने की सिफारिश भी की गई है। लगभग 700 दर्शकों की क्षमता वाले इस बॉक्स को आमतौर पर वीवीआईपी मेहमानों के लिए आरक्षित रखा जाता है, इसलिए इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है।
टीमों की प्रैक्टिस के लिए बनेगी अलग पिच
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारियों के अनुसार टीमों की प्रैक्टिस के लिए स्टेडियम के बाहर अलग से एक नई पिच तैयार की जाएगी। साथ ही फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही रायपुर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले सकता है।
करीब 50 हजार से अधिक दर्शक क्षमता वाले इस स्टेडियम में मैचों के आयोजन को लेकर फ्रेंचाइजी ने यहां की सुविधाओं और रायपुर के प्रमुख स्टार होटलों का भी सर्वे किया है।
अगर सभी तैयारियां समय पर पूरी हो जाती हैं तो रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों को लंबे इंतजार के बाद आईपीएल के हाई वोल्टेज मुकाबले देखने का मौका मिलेगा। ऐसे में राजधानी एक बार फिर क्रिकेट के उत्सव में डूबी नजर आ सकती है और पूरे प्रदेश में खेल का माहौल बन सकता है।




