Sunday, March 15, 2026
Google search engine
HomeChhattisgarhगढ़फुलझर में होला मोहल्ला कार्यक्रम व भूमि पूजन

गढ़फुलझर में होला मोहल्ला कार्यक्रम व भूमि पूजन

महासमुंद। GRAND NEWS : महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र के ऐतिहासिक गुरुद्वारा गढ़फुलझर में भूमि पूजन एवं होला मोहल्ला कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में सिख जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक माहौल और भक्ति भावना का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ कृषि मंत्री राम विचार नेताम, बसना विधायक सम्पत अग्रवाल, बीज निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चंद्राकर, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, क्रेडा भूपेंद्र सवन्नी, ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन व वरिष्ठ समाजसेवी सरदार गुरुचरण होरा, समाजसेवी बलदेव सिंह भाटिया और भाजपा जिला अध्यक्ष येतराम साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

– Advertisement –

कार्यक्रम की शुरुआत गुरुद्वारा परिसर में विधिवत भूमि पूजन के साथ हुई। धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर नए निर्माण कार्यों के लिए अरदास की गई। इसके बाद होला मोहल्ला पर्व के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गुरुद्वारा परिसर में कीर्तन, गुरबाणी पाठ और सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इस दौरान बड़ी संख्या में सिख समाज के श्रद्धालु और क्षेत्र के नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए और गुरु दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर सिख समाज की ओर से ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन व वरिष्ठ समाजसेवी सरदार गुरुचरण सिंह होरा का सम्मान भी किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें समाज सेवा और धार्मिक कार्यों में योगदान के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

– Advertisement –

Ad image

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने सिख समाज की सेवा भावना, साहस और देशभक्ति की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिख समाज ने हमेशा समाज सेवा, मानवता और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को होला मोहल्ला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में भाईचारा, एकता और सौहार्द को मजबूत करते हैं।

वहीं सरदार गुरुचरण सिंह होरा ने अपने संबोधन में कहा कि गुरुद्वारा गढ़फुलझर ऐतिहासिक गुरुद्वारा है, जो कि सिख समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है। निश्चित रूप से यहां ऐतिहासिक गुरुद्वारा बनेगा। यहां आयोजित भूमि पूजन और होला मोहल्ला जैसे धार्मिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने और सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से इस गुरुद्वारा के विकास और धार्मिक गतिविधियों को और आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान पूरे गुरुद्वारा परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने कीर्तन और गुरबाणी का आनंद लिया और लंगर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और शहरों से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे कार्यक्रम अत्यंत भव्य और सफल रहा।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments