स्पोर्ट्स डेस्क। Dinesh Karthik Baby: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) और स्टार स्क्वैश खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल (Dipika Pallikal) के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। कार्तिक और दीपिका तीसरी बार माता-पिता बने हैं। दीपिका ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है, जिसकी जानकारी इस स्टार कपल ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ साझा की।
सोशल मीडिया पर साझा की खुशी
कार्तिक और दीपिका ने पोस्ट के जरिए अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा:
दिल में दुआएं और शब्दों से परे शुक्रिया के साथ, हम खुशी-खुशी अपनी प्यारी बच्ची का इस दुनिया में स्वागत करते हैं। कबीर और जियान अपनी छोटी बहन को इंट्रोड्यूस करने के लिए बहुत एक्साइटेड हैं।
बेटी का नाम रखा ‘राहा’
दिनेश कार्तिक ने अपनी नन्ही परी का नाम ‘राहा’ (Raaha) रखा है। बता दें कि कार्तिक और दीपिका के पहले से दो जुड़वां बेटे हैं, जिनका नाम जियान और कबीर है। जियान और कबीर का जन्म 28 अक्टूबर 2021 को हुआ था। अब राहा के आने से यह परिवार पूरा हो गया है।
दिनेश कार्तिक और दीपिका पल्लीकल की गिनती भारतीय खेल जगत की सबसे चर्चित जोड़ियों में होती है। कार्तिक ने अपनी पहली पत्नी से तलाक के बाद साल 2015 में दीपिका से शादी की थी। दीपिका खुद एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्क्वैश खिलाड़ी हैं और भारत के लिए कई पदक जीत चुकी हैं।
दिनेश कार्तिक क्रिकेट करियर
40 वर्षीय दिनेश कार्तिक ने 18 साल के अपने इंटरनेशनल करियर में 26 टेस्ट, 94 वनडे और 60 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले. इसमें उन्होंने क्रमश 1025, 1752 और 686 रन बनाए. उन्होंने लीग क्रिकेट समेत कुल 415 टी20 मैचों में 7557 रन बनाए, जिसमें 35 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके नाम सिर्फ एक शतक (टेस्ट में) है।




