साकेत श्रीवास्तव / खैरागढ़। CG NEWS : इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में क्षेत्रीय विधायक यशोदा नीलंबर वर्मा को विशेष अतिथि नहीं बनाए जाने के विरोध में कांग्रेस द्वारा काला झंडा दिखाने और विश्वविद्यालय प्रशासन का पुतला दहन करने की घोषणा के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। आज सुबह 11 बजे प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार कर लिया।
सुबह करीब 10 बजे पुलिस निरीक्षक अनिल शर्मा अपनी टीम के साथ तथा अनुविभागीय अधिकारी खैरागढ़ टंकेश्वर प्रसाद साहू विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन के आवास पहुंचे। वहां शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन, नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, पूरन सारथी, शेखर दास वैष्णव, सूरज देवांगन सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। अनुविभागीय अधिकारी ने समझाइश देते हुए कहा कि पूर्व में भी दीक्षांत समारोह में विधायक को अतिथि नहीं बनाया गया है, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने इसे विधायक का अपमान बताते हुए विरोध पर अड़े रहने की बात कही। समझाइश विफल होने पर पुलिस ने सभी नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।




