वीरेंद्र वर्मा, आरंग: Arang Murder : राजधानी से सटे आरंग क्षेत्र में होली की खुशियाँ उस वक्त मातम में बदल गईं, जब आपसी विवाद के दौरान एक युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना आरंग के केवशी लोधी पारा की है, जहाँ त्योहार के हुड़दंग के बीच हुई इस वारदात से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नीरज लोधी के रूप में हुई है। आशंका है कि होली खेलने के दौरान कुछ लोगों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। इसी बीच आरोपियों ने नीरज पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस और एफ एस एल की टीम जांच में जुटी है, हत्या का कारण अज्ञात है। पुलिस कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जल्द ही मामले का खुलासा होगा।
थाने का घेराव और समाज का विरोध
घटना की खबर फैलते ही लोधी समाज के लोग बड़ी संख्या में आरंग थाना पहुँच गए। आक्रोशित समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
एहतियात के तौर पर केवशी लोधी पारा और अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटा रही है और शव का परीक्षण किया जा रहा है।




