रायपुर। Raipur Bus Fire : राजधानी के बाहरी इलाके खरोरा से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। बलौदाबाजार से रायपुर आ रही एक तेज रफ्तार यात्री बस अचानक धधकती मशाल में तब्दील हो गई। भैंसा गांव के पास हुई इस भयावह घटना ने यात्रियों के साथ-साथ राहगीरों की भी सांसें अटका दीं। देखते ही देखते लपटों ने पूरी बस को अपनी आगोश में ले लिया और आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया।
सहम गए यात्री (Raipur Bus Fire)
जानकारी के मुताबिक, बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी और अपनी मंजिल की ओर बढ़ रही थी। अचानक बस के पिछले हिस्से से धुआं और लपटें उठती देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस के अंदर चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए दरवाजे की ओर भागने लगे। यह मंजर इतना खौफनाक था कि कुछ ही मिनटों में बस लोहे के जलते हुए ढांचे में बदल गई।
इस भीषण अग्निकांड में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जैसे ही चालक और परिचालक को आग का आभास हुआ, उन्होंने बिना वक्त गंवाए बस को किनारे रोका और आनन-फानन में सभी यात्रियों को नीचे उतारा। चालक की सूझबूझ से दर्जनों जिंदगियां मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकल आईं।
पूरी तरह खाक हुई बस (Raipur Bus Fire)
सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि जब तक काबू पाया जाता, बस पूरी तरह जलकर स्वाहा हो चुकी थी। इस घटना के कारण मार्ग पर काफी देर तक आवाजाही बाधित रही और दहशत का माहौल बना रहा। फिलहाल आग लगने की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है, लेकिन अंदेशा जताया जा रहा है कि भीषण गर्मी या शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Raipur Video : रायपुर में खौफनाक मंजर: बीच सड़क आग का गोला बनी चलती कार, यात्रियों ने ऐसे बचाई जान, देखें रोंगटे खड़े कर देने वाला VIDEO
CG News : छत्तीसगढ़ में मौत का एनिकट! सैर पर निकले दो छात्रों की मौत से छाया सन्नाटा, यहां मिला शव
CG Video : कांकेर में मौत की दस्तक : अहाते में सोते युवक के पास पहुंचा खूंखार भालू, 4 मिनट तक थमी रहीं सांसें, देखें VIDEO




