Toxic Trailer Out: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार यश के फैंस जिस पल का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, वह आखिरकार आ गया है। यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का ट्रेलर 8 अगस्त को रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है। करीब दो मिनट से ज्यादा लंबे इस ट्रेलर में यश एक बार फिर जबरदस्त एक्शन अवतार में नजर आ रहे हैं। फिल्म में स्टाइलिश एक्शन, रोमांस, रहस्य और थ्रिल का ऐसा मिश्रण देखने को मिल रहा है, जिसने रिलीज से पहले ही दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
ट्रेलर में दिखा यश का बेहद खतरनाक अंदाज

‘टॉक्सिक’ के ट्रेलर की शुरुआत से ही फिल्म का डार्क और इंटेंस माहौल नजर आता है। यश का किरदार बेहद रहस्यमयी और खतरनाक अंदाज में दिखाई देता है। ट्रेलर में कई हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस देखने को मिलते हैं, जिनमें बड़े स्तर पर शूट किए गए सेट और जबरदस्त विजुअल्स नजर आ रहे हैं।
यश के किरदार को सिर्फ एक एक्शन हीरो के तौर पर नहीं दिखाया गया है, बल्कि उसके आसपास एक रहस्य भी बनाया गया है। ट्रेलर आगे बढ़ने के साथ कहानी को लेकर कई सवाल खड़े करता है। यही सस्पेंस फिल्म के प्रति दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा रहा है।
कियारा और तारा के साथ दिखी यश की केमिस्ट्री
फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी और तारा सुतारिया अहम भूमिकाओं में हैं। ट्रेलर में दोनों के साथ यश की अलग-अलग तरह की केमिस्ट्री देखने को मिलती है। जहां एक तरफ एक्शन और क्राइम का माहौल है, वहीं दूसरी ओर रोमांटिक और इमोशनल पलों की झलक भी दिखाई गई है।
ट्रेलर से साफ है कि मेकर्स ने फिल्म को सिर्फ एक्शन तक सीमित नहीं रखा है। इसमें रिश्तों, रहस्य और ड्रामा को भी कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।
‘KGF 2’ के बाद फिर बड़े पर्दे पर यश
यश को आखिरी बार 2022 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘KGF: Chapter 2’ में देखा गया था। फिल्म में उनके रॉकी भाई वाले किरदार ने देशभर में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया था।
‘KGF 2’ की सफलता के बाद यश ने किसी नई फिल्म में लीड रोल के तौर पर बड़े पर्दे पर वापसी नहीं की। करीब चार साल के लंबे इंतजार के बाद अब फैंस उन्हें ‘टॉक्सिक’ में देखने के लिए तैयार हैं। यही वजह है कि इस फिल्म से दर्शकों की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं।
पहले 19 मार्च को रिलीज होनी थी ‘टॉक्सिक’
यश की ‘टॉक्सिक’ को पहले 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना था। फिल्म को लेकर पहले ही पोस्टर और टीजर जारी किए जा चुके थे और फैंस इसके सिनेमाघरों में आने का इंतजार कर रहे थे।
हालांकि बाद में फिल्म की रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया गया। इसी दौरान आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ की रिलीज भी इसी तारीख के लिए तय की गई थी। हालांकि ‘टॉक्सिक’ की रिलीज टलने के पीछे मेकर्स की ओर से खाड़ी युद्ध से जुड़ी परिस्थितियों को भी वजह बताया गया था।
26 अगस्त को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
अब यश की यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है और इसे बड़े बजट और बड़े पैमाने पर तैयार किया गया है।
‘टॉक्सिक’ की स्टार कास्ट भी काफी बड़ी है। फिल्म में यश के अलावा नयनतारा, रुक्मिणी वसंत, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में इंटरनेशनल कलाकारों की मौजूदगी भी बताई जा रही है।
‘टॉक्सिक’ के बाद ‘रामायण’ में भी नजर आएंगे यश
यश के पास ‘टॉक्सिक’ के अलावा एक और बेहद बड़ी फिल्म है। वह निर्देशक नितेश तिवारी की पैन इंडिया फिल्म ‘रामायण’ में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस फिल्म में यश रावण के किरदार में नजर आएंगे।
‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में दिखाई देंगी। यह बड़े बजट की मल्टीस्टारर फिल्म है, जिसका पहला भाग 6 नवंबर 2026, यानी दिवाली के मौके पर रिलीज होने की तैयारी में है।
फिलहाल ‘टॉक्सिक’ के ट्रेलर ने यश के फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यश ‘KGF 2’ के बाद एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर वैसा ही तूफान खड़ा कर पाएंगे? इसका जवाब 26 अगस्त को फिल्म के सिनेमाघरों में पहुंचने के बाद मिलेगा।




