नई दिल्ली। DragonMovie: साउथ सुपरस्टार जूनियर NTR की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘ड्रैगन’ की पहली झलक रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल मच गई है। प्रशांत नील के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का टीजर आते ही फैंस के बीच एक्साइटमेंट कई गुना बढ़ गई। दमदार एक्शन, डार्क विजुअल्स और जूनियर NTR के इंटेंस अवतार ने दर्शकों को काफी इम्प्रेस किया है। हालांकि टीजर देखने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने यह भी कहा कि फिल्म की झलक में उन्हें ‘KGF’ और ‘Salaar’ जैसी फिल्मों की फीलिंग देखने को मिली।
19 मई की रात रिलीज हुए इस टीजर में जूनियर NTR बेहद खतरनाक और ग्रे शेड किरदार में नजर आए। टीजर में भारी-भरकम बैकग्राउंड म्यूजिक, धुएं से भरे डार्क फ्रेम्स और बड़े स्तर का एक्शन देखने को मिला। प्रशांत नील की फिल्मों की तरह यहां भी रॉ और मास एंटरटेनमेंट का तगड़ा अंदाज दिखाई दिया। यही वजह है कि रिलीज के कुछ ही मिनटों में #Dragon और #JrNTR सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगे।

मेकर्स ने फिल्म की झलक को पांच भाषाओं में रिलीज कर इसे पैन इंडिया लेवल पर पेश करने की तैयारी साफ कर दी है। जूनियर NTR के बर्थडे से ठीक पहले आए इस टीजर ने फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। कई फैंस ने इसे “ब्लॉकबस्टर लोडिंग” बताया, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि प्रशांत नील की स्टाइल इस बार भी KGF और Salaar जैसी फिल्मों से काफी मिलती-जुलती लग रही है। सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार इसकी तुलना नील की पिछली फिल्मों से कर रहे हैं।
इधर दूसरी ओर जूनियर NTR की दूसरी बड़ी फिल्म ‘गॉड ऑफ वॉर’ को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। त्रिविक्रम श्रीनिवास के निर्देशन में बनने वाली इस माइथोलॉजिकल फिल्म को लेकर लंबे समय से कोई नया अपडेट सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि फिल्म भगवान कार्तिकेय यानी कुमारस्वामी की कहानी से जुड़ी हो सकती है। लेकिन प्रोड्यूसर्स की चुप्पी ने फैंस की बेचैनी बढ़ा दी है। इंडस्ट्री में अब यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि फिल्म के कॉन्सेप्ट या प्रोजेक्ट में कुछ बड़े बदलाव हो सकते हैं।
फिलहाल ‘ड्रैगन’ का टीजर रिलीज होते ही जूनियर NTR एक बार फिर सुर्खियों में छा गए हैं। अब फैंस को इसके ट्रेलर और फिल्म की रिलीज डेट का बेसब्री से इंतजार है।




