नई शिक्षा नीति पर सरकार घिरी, विपक्ष ने उठाए सवाल – कई स्कूल बंद होने और शिक्षकों की कमी का मुद्दा
CG NEWS: छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज ध्यानाकर्षण सूचना के दौरान नई शिक्षा नीति को लेकर जोरदार बहस देखने को मिली। कांग्रेस विधायक राघवेन्द्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव पर कई सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि युक्तियुक्तकरण के कारण प्रदेश के कई स्कूल बंद हो गए हैं और आर्थिक व सामाजिक रूप से पिछड़े क्षेत्रों में शिक्षकों की भारी कमी है, जिससे नई शिक्षा नीति का सही तरीके से पालन नहीं हो पा रहा है।

विपक्ष ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है और सरकार इस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही। वहीं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने जवाब देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति का क्रियान्वयन देश के औसत अनुपात से बेहतर तरीके से किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में लागू हुई इस नीति को पिछली कांग्रेस सरकार ने लागू नहीं किया था, लेकिन अब वर्तमान सरकार इसे लागू कर रही है और यह एक सतत प्रक्रिया है जो वर्ष 2030 तक जारी रहेगी। विधानसभा में इस मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।




