बालोद। CG NEWS: पुलिस विभाग में स्थानांतरण आदेश की अनदेखी करना अर्जुंदा थाना प्रभारी और एक आरक्षक को भारी पड़ गया। एसपी योगेश पटेल ने आदेशों की अवहेलना को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू और आरक्षक क्रमांक 272 पंकज तारम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र से संबद्ध कर दिया है।
दरअसल 16 सितंबर 2025 को जारी आदेश में आरक्षक पंकज तारम का स्थानांतरण अर्जुंदा थाना से गुंडरदेही थाना किया गया था। इसके साथ ही सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को बिना देरी रिलीव कर नए पदस्थापना स्थल के लिए रवाना किया जाए। एसपी ने यह भी चेताया था कि आदेश का पालन नहीं करने पर सख्त कार्रवाई होगी।
बताया जा रहा है कि इसके बावजूद थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू ने संबंधित आरक्षक को करीब पांच माह तक रिलीव नहीं किया। इस दौरान आरक्षक ने भी नए थाना में ज्वाइन नहीं किया। जब एसपी ने स्थानांतरण और रिलीविंग की समीक्षा की, तब यह लापरवाही सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने इसे पदीय दायित्वों की अवहेलना, स्वेच्छाचारिता और गैर-जिम्मेदाराना आचरण माना।
निलंबन आदेश में स्पष्ट उल्लेख है कि उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी कर कर्मचारी को नवीन पदस्थापना के लिए रवानगी नहीं दी गई, जो अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में यह स्पष्ट संदेश गया है कि प्रशासनिक आदेशों के पालन में लापरवाही या देरी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।




