नई दिल्ली। Viral Video: बॉलीवुड और साउथ सिनेमा में करीब 40 साल तक खतरनाक पुलिस अधिकारी और नेगेटिव किरदार निभाकर पहचान बनाने वाले अभिनेता आशीष विद्यार्थी इन दिनों एक अलग ही वजह से चर्चा में हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में आशीष पुणे की सड़कों पर एक साधारण ठेले पर खड़े होकर वड़ा पाव और पकोड़े खाते नजर आ रहे हैं। उन्हें इस अंदाज में देखकर कई लोग हैरान रह गए। दो शादियों और लंबी फिल्मी पारी के बाद भी आशीष की सादगी ने एक बार फिर फैंस का दिल जीत लिया है।


दरअसल, आशीष विद्यार्थी फिल्मों के साथ-साथ अपने फूड व्लॉग्स के लिए भी मशहूर हैं। वह देशभर में घूमकर अलग-अलग शहरों के स्थानीय खाने का स्वाद चखते हैं और उसका अनुभव अपने यूट्यूब व इंस्टाग्राम पर साझा करते हैं।
हाल ही में एक इवेंट के सिलसिले में पुणे पहुंचे आशीष इवेंट खत्म होने के बाद सीधे आदित्य वड़ापाव नाम के मशहूर ठेले पर पहुंच गए, जहां वह पहले भी जा चुके थे।
जैसे ही वह ठेले पर पहुंचे, दुकानदार खुशी से झूम उठा और बताया कि उसने पिछली बार उनके आने का स्टेटस व्हाट्सएप पर लगाया था। आशीष ने मुस्कुराते हुए कहा कि पिछली बार का उनका कंटेंट खराब हो गया था, इसलिए वह दोबारा यहां आए हैं।
वीडियो में आशीष बड़े चाव से वड़ा पाव, आलू के पकोड़े और प्याज के पकोड़े खाते दिखाई देते हैं। मिर्ची ज्यादा तीखी होने के कारण उनकी जुबान तक जल जाती है, जिस पर पास खड़ी एक महिला उन्हें सलाह देती है कि फूंक-फूंक कर खाएं, नहीं तो मुंह जल जाएगा।
पूरे वीडियो में कहीं भी स्टार वाला एटीट्यूड नजर नहीं आता, बल्कि वह एक आम इंसान की तरह सड़क किनारे खड़े होकर खाने का आनंद लेते दिखते हैं।
आशीष विद्यार्थी का यह अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि असली स्टार वही है जो जमीन से जुड़ा रहे। फिल्मों में भले ही वह खूंखार विलेन के रोल में नजर आए हों, लेकिन असल जिंदगी में उनकी सादगी और मिलनसार स्वभाव ने एक बार फिर सबका दिल जीत लिया है।




